11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से विशाल हाथी की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
नीमडीह : चांडिल अनुमंडल के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत गुंडा के डीहटाड़ में 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक विशाल हाथी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड इस क्षेत्र में विचरण कर रहा था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पहले भी बिजली तार की चपेट में आने से कई हाथियों की मौत हो चुकी है। सूचना पर चांडिल वन प्रमंडल के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। ग्रामीणों ने वन्यजीवों और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।