सरायकेला: रोजगार सृजन अभियान के तहत पंचायतों में निकली जागरूकता रैली
सरायकेला: झारखंड राज्य स्थापना दिवस एवं राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग की ओर से संचालित विशेष रोजगार सृजन अभियान के तहत मंगलवार को जिले के सभी प्रखंडों की विभिन्न पंचायतों में जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान ग्रामीणों को रोजगार के अवसरों, आजीविका संवर्धन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। पंचायत स्तर पर ग्रामीणों की जरूरतों के अनुसार व्यक्तिगत और सामुदायिक योजनाओं के चयन पर जोर दिया गया। साथ ही जॉब कार्डधारी श्रमिकों से रोजगार के लिए काम की मांग प्राप्त की गई। उल्लेखनीय है कि जिले में 15 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराना और अधिक कार्य दिवसों का सृजन करना है।