न्यूनतम मजदूरी की मांग पर विजयश्री ऑटोकॉम कंपनी गेट जाम, झामुमो का अनिश्चितकालीन धरना शुरू
आदित्यपुर: आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के उषा मोड़ स्थित विजयश्री ऑटोकॉम लिमिटेड के खिलाफ मजदूरों ने सोमवार को झामुमो के नेतृत्व में कंपनी गेट जाम कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी नहीं दे रहा है। तीन महीने पूर्व श्रम विभाग और झामुमो नेताओं की मौजूदगी में त्रिपक्षीय वार्ता के दौरान मांगें पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई। गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा माझी के नेतृत्व में शुरू हुए आंदोलन में जिला अध्यक्ष शुभेंदु महतो समेत कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। झामुमो ने स्पष्ट किया कि मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।