November 18, 2026

NEWS TEL

NEWS

टंडवा NTPC हादसे पर CM हेमंत सोरेन ने जताया गहरा दुख, घायलों के बेहतर इलाज और पीड़ित परिवारों को मदद का निर्देश

1 min read

रांची: चतरा जिले के टंडवा स्थित NTPC के नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में हुए हादसे में मजदूरों की मौत पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। साथ ही अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि NTPC में हुई दुर्घटना में जनहानि की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उन्हें बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हादसे से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की कामना की। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर गिरने से हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, बुधवार को नॉर्थ कर्णपुरा सुपर थर्मल पावर प्लांट में निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। प्लांट के CHP-JH-1 लोकेशन पर निर्माणाधीन कन्वेयर बेल्ट का स्ट्रक्चर अचानक गिर गया। इसकी चपेट में वहां काम कर रहे मजदूर आ गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

इस दुर्घटना में शुरुआती जानकारी के अनुसार, तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक तौर पर निर्माणाधीन स्ट्रक्चर में तकनीकी खामी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। संबंधित एजेंसियों और प्रशासन की ओर से दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.