खरसावां में भक्तिभाव से हुई मां जगधात्री की पूजा, चार हजार श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद
1 min read
खरसावां: तलसाही स्थित श्रीराम कृष्ण तारकमठ आश्रम में मां जगधात्री की पूजा पारंपरिक रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई। मां का पट खुलते ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस अवसर पर भव्य भक्ति यात्रा निकाली गई, जो राजमहल चौक और बाजारसाही होते हुए आश्रम लौटी।
पूजा में खरसावां, सरायकेला, जमशेदपुर, पुरुलिया और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। भजन-कीर्तन, आरती और आध्यात्मिक प्रवचन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब चार हजार भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।
प्रवचन में स्वामी विश्वात्मानंद महाराज ने अहंकार त्यागकर प्रेम, सद्भाव और आध्यात्मिकता के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि श्रीराम कृष्ण तारकमठ आश्रम की स्थापना 1941 में स्वामी तपानंद महाराज ने की थी। तभी से यहां मां जगधात्री की पूजा की परंपरा निरंतर निभाई जा रही है।