भाजपा ने आयोजित की विकसित भारत संकल्प सभा, निकाली सेवा ज्योति यात्रा
जमशेदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत बुधवार को साकची स्थित बोधि मंदिर मैदान में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया। इसके बाद ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ दोनों नेताओं का संबोधन सुना। संबोधन के बाद पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने उपस्थित कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों को वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दिलाया।
इसके बाद मशाल प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा बोधि मंदिर मैदान से निकलकर स्ट्रेट माइल रोड गोलचक्कर तक पहुंची और वापस बोधि मंदिर मैदान में समाप्त हुई। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल और केंद्र सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों से संबंधित तख्तियां लेकर सेवा, सुशासन और विकसित भारत का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद विद्युत वरण महतो, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, विधायक पूर्णिमा साहू, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष सत्या तिवारी समेत कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मीडिया से बातचीत में रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में देश ने सुशासन, गरीब कल्याण और जनहित के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत का निर्माण सभी देशवासियों के सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से संभव होगा।
सांसद विद्युत वरण महतो, डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी एवं विधायक पूर्णिमा साहू ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार जताया।