25 महिलाओं को 8 लाख रुपये का लघु ऋण
जमशेदपुर : स्वावलंबी झारखंड माइक्रोवेलफेयर डेवलपमेंट सेंटर (एसजेएमडीसी) की ओर से बिष्टुपुर स्थित कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर 25 महिलाओं के बीच कुल 8 लाख रुपये का लघु ऋण वितरित किया गया। संस्था का उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीएसपी (ट्रैफिक) नीरज कुमार ने महिलाओं से ऋण राशि का उपयोग व्यवसाय बढ़ाने में करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे महिलाएं परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे सकेंगी। खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के पूर्व सदस्य मनोज कुमार सिंह ने योजना की सराहना करते हुए समय पर ऋण चुकाने का आग्रह किया। एसजेएमडीसी निदेशक मुरलीधर केडिया ने लाभुक महिलाओं को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में अशोक गोयल, अमित मिश्रा, राजपति देवी समेत कई लोग मौजूद रहे।