November 29, 2026

NEWS TEL

NEWS

एनआईटी जमशेदपुर का 16वां दीक्षांत समारोह भव्यता के साथ संपन्न, अच्युत सामंत को मानद डी.लिट

नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास रहे मुख्य अतिथि, दो स्वर्ण और 21 रजत पदकों से सम्मानित हुए मेधावी विद्यार्थी

जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर का 16वां दीक्षांत समारोह रविवार को हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में नीति आयोग के सदस्य डॉ. गोबर्धन दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। संस्थान के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष सुनील अलघ ने समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर पीएचडी, स्नातकोत्तर और बीटेक के विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए दो स्वर्ण और 21 रजत पदकों से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

समारोह के प्रथम सत्र में प्रो. अच्युत सामंत को मानद डी.लिट. की उपाधि प्रदान की गई। वहीं, अशोक भगत को भी मानद डी.लिट. से सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. गोबर्धन दास ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारत की समृद्ध वैज्ञानिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों पर गर्व करने और भविष्य की चुनौतियों का समाधान खोजने में योगदान देने का आह्वान किया।

बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष सुनील अलघ ने विद्यार्थियों को असफलताओं से सीखने और जीवन में हमेशा वैकल्पिक योजना तैयार रखने की सलाह दी। आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि असफलता निराशा का कारण नहीं, बल्कि सफलता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और विनम्र बने रहने की सीख दी।

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. सत्य पाल सिंह ने पारिवारिक सहयोग, आत्मविश्वास और व्यक्तिगत जिम्मेदारी को सफलता का आधार बताया। वहीं, प्रो. अच्युत सामंत ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का अनुभव साझा करते हुए कहा कि सभी उपलब्धियों से बढ़कर एक अच्छा और ईमानदार इंसान बनना जरूरी है। उन्होंने जमशेदपुर में जन्म लेने के कारण यहां से मिली मानद डी.लिट. को अपने लिए विशेष सम्मान बताया।

संस्थान के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने स्वागत भाषण और वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक, शोध और आधारभूत संरचना से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी दी। दूसरे सत्र में सरला बिरला विश्वविद्यालय के महानिदेशक गोपाल पाठक ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग जैसी उभरती तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.