XLRI के विद्यार्थियों ने ‘मनी मंत्र’ कार्यशाला के जरिए बढ़ाई वित्तीय साक्षरता
1 min read
जमशेदपुर : XLRI – जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर ने सोशल फाइनेंस पाठ्यक्रम के अंतर्गत ‘मनी मंत्र’ नामक दो घंटे की वित्तीय साक्षरता कार्यशाला आयोजित की। प्रो. एच. के. प्रधान के नेतृत्व में आयोजित इस पहल में 300 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें लगभग 180 कैंपस सहयोगी कर्मचारी और 140 से अधिक बीएम एवं एचआरएम के विद्यार्थी शामिल थे।
कार्यशाला से पूर्व विद्यार्थियों ने कर्मचारियों के बीच सर्वेक्षण कर उनकी बचत, बीमा, पेंशन और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी का आकलन किया। कार्यशाला में एटीएम एवं रुपे कार्ड के उपयोग, नियमित बचत, आवर्ती जमा, बीमा, पेंशन और जिम्मेदार ऋण लेने के बारे में जागरूक किया गया। झारखंड साइबर सुरक्षा सेल के प्रतिनिधियों ने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग की जानकारी भी दी। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक वास्तविकताओं से जोड़ना तथा वित्तीय समावेशन और समावेशी विकास को बढ़ावा देना था।