नाबालिग के गंभीर आरोपों को उजागर करने वाले पत्रकार पर पुलिसिया कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण : अप्पू तिवारी
जमशेदपुर: झारखंड के सिमडेगा से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर एक नाबालिग लड़की द्वारा लगाए गए दुष्कर्म एवं शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों को लेकर आजसू पार्टी के पूर्वी सिंहभूम जिला प्रवक्ता अप्पू तिवारी ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि मामले को उजागर करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती और ‘द भारत मित्र न्यूज चैनल’ के खिलाफ पुलिसिया कार्रवाई दुर्भाग्यपूर्ण है। देर रात करीब तीन बजे पत्रकार और न्यूज चैनल कार्यालय तक पुलिस का पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।
अप्पू तिवारी ने कहा कि नाबालिग के आरोपों की पारदर्शी जांच होनी चाहिए। यदि आरोप प्रमाणित होते हैं तो दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। उन्होंने पीड़िता को सुरक्षा, पत्रकार को निष्पक्ष सुनवाई और मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होने की मांग की।