जमशेदपुर में दो अलग-अलग स्थानों पर ठंड से दो बुजुर्गों की मौत, आधिकारिक पुष्टि नहीं
1 min read
जमशेदपुरः जमशेदपुर में ठंड के कारण दो अलग-अलग क्षेत्रों में दो बुजुर्गों की मौत हो गई। पहली घटना मानगो के ओलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत दरभंगा डेयरी के समीप की है। यहां एक अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई। बताया जाता है कि वह बुजुर्ग क्षेत्र में कचरा चुनकर अपना जीविकोपार्जन करता था और रहने के लिए घर नहीं होने से वह सड़क किनारे फुटपाथ पर ही सो जाता था। सुबह लोगों ने दरभंगा डेयरी के समीप अचेत अवस्था में पड़ा देखा तो पुलिस को सूचित कर दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची औऱ उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संभावना जतायी जा रही है कि बीती रात ज्यादा ठंड के कारण बुजुर्ग की मौत हो गई होगी।

इधर एक अन्य बुजुर्ग महिला की भी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बुजुर्ग महिला की पहचान 75 वर्षीय प्रमिला देवी के रूप में हुई है और वह आदित्यपुर कृष्णापुर क्षेत्र की रहने वाली है। सुबह उसे अचेत अवस्था में 108 एंबुलेंस से पुलिस एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। संभावना जताई जा रही है कि उसकी भी मौत ठंड की वजह से ही हुई है। फिलहाल बुजुर्ग महिला का शव अस्पताल के शीत गृह में रख दिया गया है।