अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग का अभियान, 22 भारी वाहनों पर ₹1.44 लाख जुर्माना
1 min read
जमशेदपुर: सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने अवैध पार्किंग के खिलाफ जांच अभियान चलाया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी शंकरचार्य सामद के नेतृत्व में आदित्यपुर, गम्हरिया, कांड्रा सहित प्रमुख सड़क मार्गों पर कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान सड़क किनारे एवं अन्य स्थानों पर अनधिकृत रूप से खड़े 22 भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल ₹1,44,950 का जुर्माना लगाया गया। विभाग ने बताया कि सड़क किनारे भारी वाहनों की पार्किंग से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ता है, विशेषकर रात के समय।
वाहन चालकों को निर्धारित एवं सुरक्षित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने तथा मुख्य सड़क या यातायात बाधित करने वाले स्थानों पर वाहन नहीं खड़ा करने की हिदायत दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से प्रवर्तन अभियान जारी रहेगा।