May 26, 2026

NEWS TEL

NEWS

ट्रेनों की लेटलतीफी पर गरमाई सियासत, सरयू राय बुधवार को रेल महाप्रबंधक से करेंगे मुलाकात

1 min read

जमशेदपुर:ट्रेनों की लेटलतीफी और रेल यात्रियों की समस्याओं को लेकर अब मामला सीधे दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक तक पहुंच गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने रेल यात्री संघर्ष समिति के संरक्षक और जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से मुलाकात कर वार्ता करने की इच्छा जताई है। इसके बाद यह तय हुआ है कि बुधवार को सरयू राय रेल यात्री संघर्ष समिति के प्रमुख सदस्यों के साथ टाटानगर में महाप्रबंधक से मुलाकात करेंगे।सरयू राय ने बताया कि चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया ने मंगलवार दोपहर उन्हें फोन कर जानकारी दी कि महाप्रबंधक उनसे मिलना चाहते हैं। इस पर उन्होंने समिति के साथियों से विचार-विमर्श करने की बात कही। शाम में हुई चर्चा के बाद समिति ने महाप्रबंधक से मुलाकात कर रेल यात्रियों की समस्याओं को विस्तार से रखने का निर्णय लिया।रेल यात्री संघर्ष समिति की ओर से वार्ता में सबसे प्रमुख मुद्दा ट्रेनों की लेटलतीफी रहेगा। सरयू राय ने कहा कि टाटानगर से खुलने वाली ट्रेनों के समय पर परिचालन और समय पर पहुंचने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। खासकर मेमू और पैसेंजर ट्रेनों के लगातार विलंब से कामकाजी लोग, विद्यार्थी, निजी कंपनियों के कर्मचारी, व्यापारी, औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिक और रेलवे कर्मचारी सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।उन्होंने कहा कि मालगाड़ियों के संचालन से रेलवे को भले आर्थिक लाभ हो रहा हो, लेकिन सामान्य यात्रियों को ट्रेनों की देरी के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समिति महाप्रबंधक के सामने यात्रियों की दैनिक समस्याओं को मजबूती से उठाएगी और समयबद्ध रेल परिचालन की मांग करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.