क्रशर विवाद में कुख्यात सुधीर दुबे गिरोह के लोगों ने व्यवसायी को दी थी धमकी, पिस्टल के साथ तीन गिरफ्तार

जमशेदपुर
क्रशर को लेकर हुए विवाद में धमकी और रंगदारी के मामले में टेल्को पुलिस ने तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से पिस्टल और कारतूस भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक पांच लोग धमकाने और रंगदारी की मांग करने पहुंचे थे। इनमें फरार दो अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
घटना के संबंध में एसएसपी एम तमिल वाणन ने बताया कि सुखविंदर सिंह और सुधीर दुबे का हाता मोड़ के पास क्रशर चलता है। कुछ विवाद के बाद ग्रामीणों ने सुधीर दुबे के क्रशर तक जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है। अब वे लोग सुखविंदर सिंह के क्रशर के रास्ते का उपयोग करना चाहते हैं और उसी को लेकर दबाव बनाने के तहत यह कार्रवाई की गई।

दबाव बनाने के लिए सुधीर दुबे के कहने पर पांच लोग 21 जनवरी को सुखविंदर सिंह के जेम्को स्थित कार्यालय पहुंचे और पिस्टल के बल पर रंगदारी की मांग की। इस संबंध में सुखविंदर सिंह द्वारा टेल्को थाना में शिकायत दर्ज करायी गई थी। दर्ज शिकायत के बाद सिटी एसपी के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने तीन अपराधियों गुरदयाल सिंह और राजा दुबे, संजय कुमार और शिवा राज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से दो देशी पिस्टल, एक खाली मैगजीन, 3 जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वाहन को जब्त कर लिया है।
एसएशपी ने बताया कि राजा दुबे का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह हाल ही में जेल से छुट कर आया था। उसपर कई मामले चल रहे हैं।