स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने पोलियो ड्रॉप पिलाकर की पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत

जमशेदपुर : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने आज झारखंड में प्लस पोलियो अभियान की शुरुआत जमशेदपुर में आयोजित कार्यक्रम में 1 साल की बच्ची को दो बूंद जिंदगी की पिलाकर की।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों से झारखंड में कोई भी पोलियो का केस नही मिला है, जो हमारे लिए गर्व की बात हैं। इसके लिए उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि कोरोना के वैश्विक संकट में भी हमारे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, एएनएम और जीएनएम पूरी मुश्तैदी और ईमानदारी के साथ इस अभियान को सफल बनाने में लगी हैं।
मंत्री श्री गुप्ता ने बताया कि प्लस पोलियो के चक्र में 0.5 साल के 60.83 लाख बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए राज्य भर में 24334 पोलियो बूथ बनाये गए हैं। इसके अलावा 48,669 पोलियो टीम इसके लिए सक्रिय रूप से काम कर रही हैं। साथ ही 4.861 सुपरवाइजर, 8.832 एएनएम, 40.964 सहिया और 38.340 आंगनबाडी कार्यकर्ता इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य सुदूरवर्ती इलाकों और ग्रामीण इलाकों में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य राज्य के अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था पहुंचाना है।