मातृ दिवस पर सी.पी.एस. आदित्यपुर में सजा रंगारंग कार्यक्रम, बच्चों ने मां के प्रति जताया प्रेम और सम्मान
1 min read
सरायकेला:सारंडा की खुशबू और बच्चों की मुस्कान के बीच सेंट्रल पब्लिक स्कूल, आदित्यपुर के जूनियर विंग में शुक्रवार को मातृ दिवस बड़े ही उत्साह और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन को-ऑर्डिनेटर सुश्री डेज़ी रानी चौहान के मार्गदर्शन में किया गया, जिसकी शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने हिंदी और अंग्रेजी में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर माताओं के त्याग, प्रेम और समर्पण को शब्दों में पिरोया, वहीं माताओं को समर्पित गीतों ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। कक्षा I से V तक के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग नृत्य और आकर्षक रैम्प वॉक कार्यक्रम समारोह का मुख्य आकर्षण रहे, जिसने पूरे वातावरण को तालियों और उत्साह से भर दिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उन्हें उपहार भी भेंट किए। विद्यालय के प्राचार्य श्री रामा शंकर सिंह ने माताओं को बच्चों के भविष्य निर्माण की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए विद्यार्थियों को सदैव उनका सम्मान करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं श्रीमती मनोरमा महापात्रा, श्रीमती रेनू सिंह, श्रीमती अभिलाषा सरकार, श्रीमती सुजाता दास समेत अन्य शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों की अहम भूमिका रही। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जबकि अभिभावकों और अतिथियों ने विद्यालय के इस प्रयास की जमकर सराहना की।
