रंभा शैक्षणिक संस्थान में ‘एंटी-टेररिज्म डे’ का आयोजन, आतंकवाद के खिलाफ दिया जागरूकता का संदेश
1 min read
जमशेदपुर:रंभा शैक्षणिक संस्थान के परिसर में बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की पुण्यतिथि पर ‘एंटी-टेररिज्म डे’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन रंभा कॉलेज, रंभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन और रंभा कॉलेज ऑफ नर्सिंग की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। संस्थान में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को आतंकवाद के विभिन्न स्वरूपों, उसकी कार्यप्रणाली और वैश्विक प्रभावों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम की रूपरेखा एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार, डॉ. भूपेश चंद्र और अबीर भट्टाचार्य के निर्देशन में तैयार की गई थी। इस दौरान विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि भारत में किसी भी प्रकार की आतंकी और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया के जरिए फैल रही राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है।संस्थान की प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर ने अपने संबोधन में कहा कि भारत लंबे समय से आतंकवाद का दंश झेलता आया है और आतंकवाद मानवता का सबसे बड़ा दुश्मन है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद का कोई धर्म या समुदाय नहीं होता, बल्कि यह पूरी मानव सभ्यता के लिए खतरा है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने आतंकवाद के खिलाफ जन-जागरूकता फैलाने वाली लघु नाटिका का मंचन भी किया और ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर ऐश्वर्या श्री कर्मकार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन असिस्टेंट प्रोफेसर मंजू गागराई ने दिया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. किशन कुमार शर्मा, डॉ. सतीश, डॉ. रश्मि लुगुन, अमृता सुरेन, शिखा सामंता समेत संस्थान के सभी शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।
