May 22, 2026

NEWS TEL

NEWS

जमशेदपुर में वन विभाग-गीता थिएटर का समर कैंप बना बच्चों के हुनर और जागरूकता का मंच

1 min read

जमशेदपुर: वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग झारखंड सरकार, धालभूम वन प्रमंडल और गीता थिएटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय निःशुल्क समर कैंप 2026 बच्चों के लिए सीख, मनोरंजन और जागरूकता का अनोखा मंच बन गया है। 15 मई से मानगो वन विभाग सभागार में चल रहे इस समर कैंप में लगभग 130 सरकारी स्कूल और 79 निजी स्कूलों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया है। कैंप का उद्घाटन जमशेदपुर पश्चिम के विधायक Saryu Roy और समाजसेविका Purvi Ghosh ने किया। पहले दिन बच्चों के बीच परिचय और जीवन मूल्यों पर संवाद हुआ, जबकि दूसरे दिन अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गणित विशेषज्ञ दुर्गा राव ने गणित को खेल-खेल में सिखाकर बच्चों को चौंका दिया। उन्होंने बच्चों को आसान तकनीकों से कठिन जोड़-घटाव हल करना सिखाया, जिसमें बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।तीसरे दिन नागरिक सुरक्षा विभाग के प्रशिक्षक मजहरुल बारी ने बच्चों को आपातकालीन बचाव तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने दुर्घटना या आपदा के समय खुद को और दूसरों को सुरक्षित रखने के तरीके बताए। चौथे दिन शहर के रंगकर्मी अमित दास ने थिएटर कार्यशाला के जरिए बच्चों को अभिनय, संवाद अदायगी, बॉडी लैंग्वेज और मंच संचालन की बारीकियां सिखाईं। पांचवें दिन स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मेघा ने बालिकाओं से स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्त्री रोग संबंधी विषयों पर खुलकर संवाद किया तथा बच्चों के बीच खाद्य सामग्री का वितरण भी किया। छठे दिन राम नृत्य स्टूडियो के संचालक और कोरियोग्राफर राम संडील ने बच्चों को विभिन्न गीतों पर नृत्य का प्रशिक्षण दिया, जिसकी प्रस्तुति समापन समारोह में दी जाएगी।सातवें दिन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के नेहरू युवा केंद्र संगठन (MY Bharat) के जिला युवा अधिकारी मोन्टू पत्रा विशेष अतिथि के रूप में कैंप पहुंचे। उन्होंने बच्चों से खेलकूद, युवा कार्यक्रम और प्रतिभा विकास पर चर्चा की तथा गीता थिएटर और वन विभाग की पहल की सराहना की। धालभूम वन प्रमंडल पदाधिकारी शबा आलम अंसारी ने कहा कि समर कैंप के माध्यम से बच्चों को कला, अभिनय और गणित के साथ पर्यावरण संरक्षण, वन्यजीव सुरक्षा और प्रकृति के महत्व के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 26 मई को बच्चों के लिए दलमा ट्रेकिंग का भी आयोजन किया जाएगा।गीता थिएटर की अध्यक्ष गीता कुमारी ने बताया कि इस बार समर कैंप में आत्मरक्षा, स्वास्थ्य-स्वच्छता, गुड टच-बैड टच, AI नॉलेज, नशामुक्ति, बाल श्रम, बाल विवाह और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों को विशेष रूप से शामिल किया गया है। इसके लिए सरायकेला-खरसावां, रांची, कोलकाता और ओडिशा से विशेषज्ञ प्रशिक्षकों को आमंत्रित किया गया है। समर कैंप के सफल आयोजन में वन विभाग, गीता थिएटर, संपूर्ण आश्रय, व्यक्तित्व विकास संस्थान, आरंभ, सुंदरम, हिन्द आईटीआई, सेल विला, नाफीसा यूनुस सोशल वेलफेयर फाउंडेशन और लियो क्लब जमशेदपुर के सदस्यों की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.