August 14, 2026

NEWS TEL

NEWS

सोना देवी विश्वविद्यालय में चौथा इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

घाटशिला:सोना देवी विश्वविद्यालय का चौथा इंडक्शन कम ओरिएंटेशन कार्यक्रम गुरुवार, 13 अगस्त को घाटशिला के किताडीह स्थित विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित किया गया। पहली बार किताडीह परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर नव नामांकित विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री के. रवि कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सदुपयोग करने, समय का ध्यान रखने और मेहनत व लगन के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सही समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच जरूरी है। साथ ही विद्यार्थियों को विषय के अनुसार भाषा का चुनाव करने तथा अभिभावकों को बच्चों के सकारात्मक विकास और सही मार्गदर्शन पर ध्यान देने की बात कही।कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण और बेहतर भविष्य पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के कैंपस को विश्वस्तरीय बनाना लक्ष्य है, ताकि विद्यार्थी उद्योग जगत के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें। उन्होंने विद्यार्थियों से केवल नौकरी तलाशने के बजाय रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में सोच विकसित करने का आह्वान किया। कुलाधिपति ने कहा कि तकनीक का विवेकपूर्ण उपयोग, नवाचार, नैतिकता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा युवाओं की सफलता की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से नकारात्मकता, निराशा और शॉर्टकट का रास्ता छोड़कर अपनी ऊर्जा और तकनीकी ज्ञान का उपयोग आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के निर्माण में करने की अपील की।विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुआ ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का स्वागत एवं धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से विद्यार्थियों में नई प्रेरणा का संचार होता है और उन्हें विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण से परिचित होने का अवसर मिलता है। कुलसचिव डॉ. नित नयना ने विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विद्यार्थियों के इंटर्नशिप और तकनीकी विकास के लिए देश के कई प्रमुख संस्थानों के साथ एमओयू किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सोना देवी विश्वविद्यालय ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में इंटेल के साथ एमओयू किया है और स्कूल ऑफ एआई एंड कंप्यूटिंग की शुरुआत की गई है। साथ ही एनआईटी जमशेदपुर सहित अन्य संस्थानों के साथ अकादमिक साझेदारी को भी मजबूत किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.