August 5, 2026

NEWS TEL

NEWS

सोना देवी विश्वविद्यालय और अनुदीप फाउंडेशन के बीच समझौता, विद्यार्थियों को मिलेगा रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण

1 min read

जमशेदपुर:सोना देवी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति श्री प्रभाकर सिंह ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता के लिए केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि ज्ञान के साथ कौशल, अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति सफलता की वास्तविक आधारशिला है। उन्होंने कहा कि रोजगार के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहा है और युवाओं के लिए नई-नई संभावनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानते हुए नए कौशल सीखने और बदलते समय के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की आवश्यकता है। कुलाधिपति ने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर को गंभीरता से लेने और अपने ज्ञान एवं कौशल को लगातार विकसित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार के योग्य और आत्मनिर्भर युवा बनाना है।

सोना देवी विश्वविद्यालय और अनुदीप फाउंडेशन के बीच हुआ समझौता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस समझौते के तहत विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगारपरक कौशल हासिल करने का अवसर मिलेगा। प्रशिक्षण के माध्यम से तकनीकी दक्षता, व्यवहारिक ज्ञान, संचार क्षमता और आत्मविश्वास को विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस तरह के सहयोग से शिक्षा, कौशल और रोजगार के बीच की दूरी कम होगी तथा विद्यार्थियों को बदलते रोजगार बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी। यह समझौता 4 अगस्त 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगा। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष श्रीमती मोनिका सिंह, प्रौद्योगिकी विभाग की विभागाध्यक्ष श्रीमती पूजा तिवारी, रीजनल मैनेजर श्री संजीव कुमार, सीनियर मैनेजर-प्लेसमेंट श्री राजू मिश्रा और क्लस्टर मैनेजर भावेश कांति सहित विश्वविद्यालय एवं अनुदीप फाउंडेशन के अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय ने उम्मीद जताई कि इस पहल से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, युवा और महिलाएं लाभान्वित होंगे तथा उन्हें बेहतर भविष्य, आत्मनिर्भरता और रोजगार के अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.