NIT जमशेदपुर और सोना देवी विश्वविद्यालय के बीच MoU, शिक्षा-शोध और स्किल डेवलपमेंट को मिलेगा बढ़ावा
1 min read
तीन साल के लिए हुआ समझौता, छात्रों को रिसर्च, इंटर्नशिप, इंडस्ट्री ट्रेनिंग और प्लेसमेंट के नए अवसर मिलेंगे।
घाटशिला: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT) जमशेदपुर और सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के बीच शनिवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य उच्च शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, उद्योग-शिक्षा सहयोग और कौशल विकास को बढ़ावा देना है।राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के अनुरूप हुए इस समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से रिसर्च प्रोजेक्ट, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP), सेमिनार, कार्यशाला, छात्र-शिक्षक विनिमय कार्यक्रम, समर इंटर्नशिप, इंडस्ट्रियल विजिट, प्लेसमेंट गतिविधियां और सर्टिफिकेट कोर्स संचालित करेंगे। साथ ही IPR, डिजिटल टेक्नोलॉजी और गुणवत्ता सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।यह समझौता शुरुआती तौर पर तीन वर्षों के लिए प्रभावी रहेगा। इससे छात्रों और शोधार्थियों को आधुनिक अनुसंधान प्रयोगशालाओं, राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन, उद्योग आधारित प्रशिक्षण और रोजगारपरक अवसरों का लाभ मिलेगा।विश्वविद्यालय के कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने इसे झारखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि यह साझेदारी विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और अनुसंधान के अवसर प्रदान करेगी।

वहीं कुलसचिव डॉ. नीत नयना और सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने कहा कि यह समझौता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, नवाचार और उद्योग-शिक्षा समन्वय को नई दिशा देगा।कार्यक्रम में NIT जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सुत्रधार, कुलाधिपति प्रभाकर सिंह, कुलसचिव डॉ. नीत नयना, सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
