झारखंड में 3 दिन भीषण शीतलहर का अलर्ट, कई जिलों में तेजी से गिरेगा तापमान
1 min read
रांची:झारखंड में ठंड ने दस्तक दे दी है और मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए भीषण शीतलहर का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, पलामू, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा जिलों में कहीं-कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। उत्तर दिशा से आ रही सर्द हवाओं के कारण राज्य में तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।बुधवार को राजधानी रांची समेत कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की कमी आई, वहीं गुमला का तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे कम रहा। रांची का न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री, जबकि खूंटी का तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक राज्य में शीतलहर की स्थिति बनी रहेगी और हवा की गति बढ़ने से तापमान में और गिरावट संभव है। इस बीच, राज्य के अधिकांश जिलों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है।दिन में खिली धूप कुछ राहत जरूर दे रही है, लेकिन सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ गया है। विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और बुजुर्गों व बच्चों को ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।