उलीडीह में आठ साल की बच्ची से यौन शोषण की शिकायत, आरोपी हिरासत में
1 min read
जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र में आठ साल की बच्ची से कथित यौन शोषण का मामला सामने आया है। बच्ची की मां की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, आरोपी परिवार का परिचित है और गुरुवार रात करीब 10 बजे बच्ची को खाने-पीने की चीजें दिलाने के बहाने मोटरसाइकिल से अपने साथ ले गया। करीब 45 मिनट बाद बच्ची घर लौटी और परिजनों को घटना की जानकारी दी। मां का आरोप है कि आरोपी ने बच्ची को घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद परिजन उलीडीह थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी के अनुसार, पुलिस को बच्ची के यौन शोषण की शिकायत मिली है और मामले की जांच जारी है।