राज्य की यूपीए सरकार निजी स्वार्थ में झारखंड की खनिज संपदा को लूट रही, भाजपा नहीं करेगी बर्दास्त: दीपक प्रकाश
1 min readमहामहिम राज्यपाल से मिलकर ठकुरानी लौह अयस्क के स्टॉक नीलामी में षडयंत्र का लगाया आरोप ,सौंपा ज्ञापन
राँची: खनिज संपदा की लूट का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने महामहिम राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान एक ज्ञापन भी महामहिम को सौंपा। मुलाकात के बाद प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान में जबसे यूपीए सरकार राज्य में है, संपदा की लूट बढ़ी है। बालू, कोयला, आय़रन की लूट की छूट राज्य में है। इन सबके पीछे मास्टरमाइंड कांग्रेस है। उन्होंने कहा कि राज्य में जब जब यूपीए गठबंधन की सरकार आयी खनिज संपदा की लूट हुई है। वर्तमान सरकार में शामिल झामुमो कांग्रेस ने इस लूट वाली रिवाज को जारी रखा है। उन्होंने कहा कि झारखंड खनिज संपदा से परिपूर्ण राज्य है। राज्य के साथ-साथ देश के आर्थिक विकास का बड़ा माध्यम है। इसका सदुपयोग किये जाने की बजाये तस्करी हो रही है। दीपक प्रकाश ने कहा कि ठकुरानी लौह अयस्क खदान, चाईबासा पूर्व में पद्म कुमार जैन को आवंटित किया गया था। 2019 में राज्य सरकार ने 84.6 हेक्टेयर में फैले उक्त खदान की लीज रद्द कर दी थी। इसके पूर्व सुप्रीम कोर्ट ने 2017 में 347 खदानों पर अनुमति से ज्यादा खनन करने पर जुर्माना लगाने का आदेश दिया था। पद्म कुमार जैन पर भी 334.47 करोड़ रुपये की जुर्माना लगायी गयी थी। इस बीच 2019 में राज्य सरकार ने ठकुरानी खदान की लीज रद्द कर बंद करने का आदेश दिया। कोर्ट द्वारा निर्देशित किया गया कि जुर्माने की रकम की वसूली पूर्व से बचे स्टॉक (लौह अयस्क) को बेचकर की जा सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की लापरवाही, गलत मंशा एवं संबंधित विभाग के कतिपय अधिकारियों की स्वार्थपूर्ति की लालसा के कारण राज्य के खजाने को हो रहे नुकसान पर शीर्ष स्तर पर खामोशी है। उन्होंने राज्यपाल महोदया से मांग किया है कि JSMDC द्वारा निर्गत निविदा पर तत्काल रोक लगाई जाए, साथ ही ग्रेड निर्धारण हेतु भेजे गए खनिज नमूनों की जांच राज्य के बाहर की किसी सक्षम एजेंसी से कराने की कृपा की जाए। साथ ही जांच में दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मुलाकात के दौरान महामहिम राज्यपाल को
JSMDC निविदा की प्रति, दिनांक 30 मई 2021 को लौह अयस्क नमूना जांच हेतु आदेश की प्रति, IBM को दी गई माइनिंग प्लान की प्रति । 4. IBM और राज्य सरकार को दी गई मासिक रिटर्न की प्रति, उपायुक्त, चाईबासा द्वारा खान एवं भूतत्व विभाग के सचिव को प्रेषित पत्र की प्रति,एवम 6. समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर की छाया प्रति और ठकुरानी खदान के हस्तांतरण एवं स्टॉक की रिपोर्ट भी सौंपी है।