संजय सरायकेला में शिक्षकों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, वेतन और स्थायीकरण की मांग पर अड़े
1 min read
सरायकेला-खरसावाँ: जिले के अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, संजय सरायकेला में शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। हड़ताल पर बैठे शिक्षक-शिक्षिकाओं का कहना है कि वे पिछले 10 वर्षों से अधिक समय से मात्र 200 रुपये प्रति घंटे की दर से कार्य कर रहे हैं और प्रतिदिन केवल 4 घंटे का ही भुगतान मिलने के कारण उनकी मासिक आय बेहद सीमित है। बढ़ती महंगाई के बीच इतनी कम आय में परिवार का भरण-पोषण करना उनके लिए मुश्किल होता जा रहा है। शिक्षकों ने यह भी बताया कि वे अपने अधिकारों को लेकर उच्च न्यायालय से निर्णय अपने पक्ष में प्राप्त कर चुके हैं, बावजूद इसके कल्याण विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है। उल्लेखनीय है कि अंशकालीन शिक्षकों के प्रयास से विद्यालय पिछले एक दशक से लगातार 100 प्रतिशत परीक्षा परिणाम देता आ रहा है, जबकि पूरे स्कूल में कक्षा 1 से 10 तक की पढ़ाई के लिए केवल एक ही स्थायी शिक्षक कार्यरत हैं। शिक्षक संघ ने बताया कि इस संबंध में विभाग के मुख्य सचिव को भी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं हुई है। हड़ताली शिक्षकों ने सरकार से जल्द स्थायीकरण और उचित वेतनमान लागू करने की मांग की है और स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
