मानगो के एबीआर पब्लिक स्कूल में आधुनिक पुस्तकालय का शुभारंभ, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर अध्ययन माहौल
1 min read
जमशेदपुर: पारडीह, मानगो स्थित अघोरेश्वर भगवान राम पब्लिक स्कूल में लंबे समय से प्रतीक्षित आधुनिक पुस्तकालय का शुभारंभ कर विद्यार्थियों को समर्पित किया गया। विद्यालय में पुस्तकालय भवन करीब चार वर्ष पहले बनकर तैयार हो गया था, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण पुस्तकों, बुक स्टैंड, फर्नीचर और अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था नहीं हो सकी थी। आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित वर्ग के बच्चों को लाभ-रहित आधार पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने वाले इस विद्यालय के लिए एक समृद्ध पुस्तकालय का निर्माण लंबे समय से एक सपना था।विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस सपने को साकार करने में Round Table India की जमशेदपुर शाखा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के सहयोग से पुस्तकालय के लिए आवश्यक पुस्तकें, बुक स्टैंड, फर्नीचर तथा अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। इससे अब विद्यालय के छात्र-छात्राओं को बेहतर अध्ययन सामग्री और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण मिल सकेगा, जिससे उनकी शैक्षणिक प्रगति को नई गति मिलेगी।विद्यालय प्रबंधन ने राउंड टेबल इंडिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार श्री सर्वेश्वरी समूह समाज सेवा और जनकल्याण के कार्यों में लगातार योगदान देता रहा है, उसी तरह राउंड टेबल इंडिया भी शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रहा है।

विद्यालय परिवार ने इस सहयोग को सैकड़ों विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संस्था के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति धन्यवाद और कृतज्ञता व्यक्त की। विद्यालय के अवैतनिक प्राचार्य प्रमोद कुमार ने कहा कि आधुनिक पुस्तकालय विद्यार्थियों में अध्ययन की रुचि बढ़ाने और ज्ञान के नए आयाम खोलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
