लाइट हाउस प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य शुरू, पुलिस छावनी में तब्दील हुआ पूरा इलाका
1 min readराँची : जगरनाथपुर में पंचमुखी मंदिर के पीछे लाइट हाउस प्रोजेक्ट की शुरुआत हो गयी है। आज सुबह से पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील है। भारी संख्या में पुलिस की मौजूदगी के दौरान यह प्रोजेक्ट शुरू हुआ है। पिछले 5 महीने से आसपास के स्थानीय लोग इस प्रोजेक्ट का विरोध कर रहे हैं जिसके बाद आज सुबह से ही मित्र मंडल मैदान पुरी रूप से पुलिस छावनी में तब्दील हो चुका है। कंपनी के कर्मचारी जीसीबी लगा कर निर्माण कार्य में लग गए है। इससे पूर्व 20 फरवरी को इस स्थान पर लाइट हाउस प्रोजेक्ट निर्माण कार्य शुरू करने की कोशिश की गई थी। मगर, स्थानीय लोगों के विरोध के कारण पुलिस प्रशासन को खाली हाथ लौटना पड़ा था। फिलहाल मित्र मंडल मैदान में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। स्थानीय लोग धीरे-धीरे कर गोलबंद हो रहे है हालांकि, इतनी संख्या में पुलिस को देख सामने विरोध करने कोई नहीं आ रहा है।
1 जनवरी को इस प्रोजेक्ट का ऑनलाइन शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली से किया था। 1008 फ्लैट बनाने का काम मुंबई की कंपनी मेसर्स एसजीसी मेजिक्रेट को मिला है। लेकिन कंपनी के लोग पंचमुखी मंदिर में प्रोजेक्ट शुरू करने पहुंचते हैं तो आसपास के लोग विरोध करने लगते हैं। उनका कहना है कि यह प्रोजेक्ट गैर जरूरी है। इस विवाद से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष तैयारी की हुए है। वहीं ग्रामीणों का कहना है कि इस मैदान से कई लोगों की भावनाएं जुड़ी है और हम किसी भी हाल में यह जमीन सरकार को नहीं देंगे इसके लिए बस्ती बचाओ आंदोलन के कार्यकर्ता सीएम हेमंत सोरेन से जल्दी मिलने जाएंगे और अपनी बात राज्य सरकार के सामने रखेंगे। बस्ती के लोगों का यह भी कहना है कि यह जमीन HEC ने बस्ती वालों को लीज पर दी थी लेकिन रघुवर दास की सरकार ने यह लीज वापस लेकर केंद्र को 2019 में दे दिया था। जिसके बाद बस्ती के लोग अपनी मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।