रंभा शैक्षणिक संस्थान में सूचना का अधिकार दिवस 2026 पर एक दिवसीय संगोष्ठी आयोजित
जमशेदपुर: रंभा शैक्षणिक संस्थान एवं झारखंड ह्यूमन राइट्स एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में संस्थान परिसर में ‘सूचना का अधिकार दिवस 2026’ के अवसर पर एक दिवसीय जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज को सूचना के अधिकार, प्रशासनिक पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं तुलसी पूजन से हुआ। छात्रा ऐश्वर्या भंज ने कबीर के दोहों पर आधारित भजन प्रस्तुत किया। प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर ने अपने स्वागत संबोधन में प्रश्न पूछने की परंपरा को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।
मुख्य वक्ता दिनेश कुमार किनु, मनोज किशोर, विकास श्रीवास्तव एवं मनोज सिंह ने आरटीआई आवेदन की प्रक्रिया, भ्रष्टाचार पर अंकुश, सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता तथा नागरिकों के अधिकारों पर अपने विचार साझा किए। मुख्य अतिथि कर्नल नीलांबर झा ने मानवाधिकारों और सामाजिक सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्थान के अध्यक्ष श्री राम बचन ने युवाओं से अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहने का आह्वान किया।