48 घंटे से ठप गोविंदपुर जलापूर्ति योजना पर फूटा लोगों का गुस्सा, पानी टंकी पर प्रदर्शन; अन्ना चौक जाम की चेतावनी
1 min read
जमशेदपुर:भीषण गर्मी के बीच गोविंदपुर जलापूर्ति योजना पिछले 48 घंटे से पूरी तरह ठप है, जिससे क्षेत्र की 21 पंचायतों के करीब 22 हजार परिवारों की लगभग 1.5 लाख आबादी बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है। पानी संकट से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह के नेतृत्व में गोविंदपुर स्थित पानी टंकी परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और विभागीय अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द जलापूर्ति बहाल करने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने कहा कि एक ओर मुख्यमंत्री ने भीषण गर्मी को देखते हुए पेयजल व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं, वहीं दूसरी ओर पूर्वी सिंहभूम के अधिकारी पूरी तरह संवेदनहीन बने हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि PHED और बिजली विभाग के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर अपनी जवाबदेही से बच रहे हैं, जबकि आम जनता पानी के लिए परेशान है। डॉ. सिंह ने चेतावनी दी कि यदि जल्द जलापूर्ति बहाल नहीं हुई तो बुधवार को क्षेत्र के मुख्य अन्ना चौक को जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस विरोध प्रदर्शन में सतवीर सिंह बग्गा, राजबान सिंह, गोविन्दा लोहरा, रवि कुमार, विजय कुमार, दिनेश सिंह, रवि चौधरी, सत्यजीत बैनर्जी, प्रशांत चौधरी, लालमती बान सिंह, गीता पूर्ति, लक्ष्मी नाग, रखी पूर्ति, कुनी सोय, जोबा पिंगुआ, नमसी पूर्ति, तुलसी बनरा, तुनोई नायक, मालती नाग और गागी बोदरा समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और महिलाएं मौजूद थीं।
