आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने पर जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित
1 min read
जमशेदपुर:आकाशवाणी के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग और आकाशवाणी जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में विश्वविद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आकाशवाणी की नौ दशकों की गौरवशाली प्रसारण यात्रा का उत्सव मनाने के साथ-साथ छात्राओं को रेडियो पत्रकारिता के व्यावहारिक और आधुनिक पहलुओं से परिचित कराना था। विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. इला कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में आकाशवाणी जमशेदपुर के प्रोग्राम हेड राजेश कुमार राय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने 1936 से शुरू हुई आकाशवाणी की ऐतिहासिक यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में सीनियर प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव राकेश रमण, प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव विवेक आदित्य और राजीव रंजन तिवारी ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। विश्वविद्यालय की ओर से छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. किश्वर आरा और डॉ. शालिनी प्रसाद ने आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। इस दौरान आकाशवाणी और विश्वविद्यालय के संयुक्त प्रयास से ‘एक्सटेंपोर’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने अपनी वक्तृत्व कला और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव राजीव रंजन तिवारी को उनके उत्कृष्ट कार्य और समन्वय के लिए विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया। अंत में प्रतिभागी छात्राओं को प्रमाणपत्र और पुरस्कार प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन देते हुए डॉ. शालिनी प्रसाद ने कहा कि आकाशवाणी और विश्वविद्यालय का यह समन्वय छात्राओं के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
