March 3, 2026

NEWS TEL

NEWS

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में जमशेदपुर महानगर के हजारों भाजपा कार्यकर्ता बुधवार को उलिहातू होंगे रवाना

न्यूज़ टेल/जमशेदपुर: 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं ‘जनजातीय गौरव दिवस’ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खूंटी जिले के उलिहातू में होने वाले विशाल जनसभा में जमशेदपुर महानगर के हजारों भाजपा कार्यकर्ता शामिल होंगे। बुधवार को पीएम मोदी की विशाल जनसभा में भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में विभिन्न मंडलों से भाजपा कार्यकर्ता खूंटी प्रस्थान करेंगे। इस संबंध में मंगलवार को जमशेदपुर महानगर प्रभारी सह भाजपा प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने जमशेदपुर महानगर की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी की सभा में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर कई बैठकों में हिस्सा लिया और तैयारियों को अंतिम रूप दिया। बुधवार सुबह जमशेदपुर महानगर से हजारों कार्यकर्ता खूंटी रवाना होंगे, इस दौरान जिला प्रभारी सह प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू भी साथ मौजूद रहेंगे। सभा की तैयारियों के संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने बताया कि बुधवार 15 नवंबर को खूंटी जिले के उलिहातू में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विशाल जनसभा है। जिसमें जमशेदपुर महानगर से 5 हजार से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी खूंटी जायेंगे। जिलाध्यक्ष गुंजन यादव ने बताया है कि प्रत्येक बूथों से कार्यकर्ता खूंटी की सभा में शामिल होंगे। जिसमें 54 बसों के साथ सैकड़ों की संख्या में चार पहिया निजी वाहन से कार्यकर्ता खूंटी रवाना होंगे। बताया कि सभी मंडलों से मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में सुबह 7 बजे खूंटी प्रस्थान करने का समय तय किया गया है। सुबह 8 बजे चांडिल टोल प्लाजा पर सभी मंडलों के कार्यकर्ता एकत्रित होंगे और वहां से खूंटी के लिए एक साथ रवाना होंगे।

वहीं, जिला प्रभारी सह प्रदेश मंत्री सुबोध सिंह गुड्डू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भरपूर उत्साह है। खूंटी की जनसभा में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर जमशेदपुर महानगर ने व्यापक तैयारियां की है। सभी बसों में मंडल क्षेत्र के प्रमुख नेतागण मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही सभी बसों के विवरण जैसे बस ड्राइवर का नाम, मोबाइल नंबर और बस प्रमुख के पूर्ण विवरण लिए गए हैं। पीएम मोदी की जनसभा ऐतिहासिक होगी। जिसे सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक व आमजन पूरी तन्मयता से लगातार जुटे हैं। सभा में जमशेदपुर महानगर से हजारों कार्यकर्ता व आमजन उपस्थिति दर्ज कराकर खूंटी की सभा में इतिहास रचेंगे। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी झारखंड आगमन के दौरान 24 हजार करोड़ रुपये की सौगात देंगे। प्रधानमंत्री रेल, सड़क, शिक्षा, कोयला, पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस जैसे कई क्षेत्रों में लगभग 7200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास कर उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.