February 27, 2026

NEWS TEL

NEWS

शहर में लूट, छिनतई और गोलीचालन की घटनाएं आम बात, भाजपा ने गिरते कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरा

● जमशेदपुर सहित पूरे राज्य में क़ानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर : कुणाल षाड़ंगी

● हेमंत सरकार में अपराधियों का मनोबल बढ़ा : दिनेश कुमार

झारखंड में मॉब लिंचिंग, लूट, दुष्कर्म, छिनतई, मर्डर और गोलीचालन जैसी संगीन वारदात हर दिन की सुर्खियों में रहती है। क़ानून व्यवस्था को धत्ता बताकर अपराधकर्मी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। गिरती कानून व्यवस्था के मसले पर राज्य सरकार के विरुद्ध सूबे की मुख्य विपक्षी पार्टी भाजपा आक्रामक हुई है। जमशेदपुर में केनरा बैंक में पैसा जमा करने गये नामचीन ज्वेलर्स दुकान के कर्मचारी से 32 लाख रुपये लूट की वारदात पर झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी ने सरकार के विरुद्ध सवाल खड़े किये है। उन्होंने अपने ट्विटर पर इस घटना के बाबत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से पूछा कि अपराधियों का इतना हिम्मत बढ़ना क्या संकेत है ? राज्य पुलिस मुख्यालय से इस आलोक में पूछा कि दिन के उजाले में ऐसे वारदातों से जनता पर क्या प्रभाव होगा ? बैंक जैसे प्रतिष्ठान सुरक्षित नहीं है। कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि राज्य के कानून व्यवस्था पूर्णतया ध्वस्त हो चुकी है। जमशेदपुर की वारदात इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। कहा कि सूबे में अपराधी तांडव कर रहे है और क़ानून व्यवस्था वेंटिलेटर पर दिखाई दे रही है।

जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने भी बैंक लूटकांड की घटना को लॉ एंड ऑर्डर की विफलता बताते हुए तीव्र आलोचना की है। कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सत्ता में आने के बाद से राज्य में अराजकता बढ़ी है। अपराधियों का हौसला सांतवें आसमान पर और कानून व्यवस्था अबतक के सबसे निचली पायदान पर है। सरकार की दिलचस्पी ट्रैफिक चेकिंग के नाम पर राजस्व वसूली में है ना कि अपराध नियंत्रण पर। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि व्यापारियों, महिलाओं, सहित आम नागरिकों में डर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.