लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने की कोशिश : सरयू राय
जमशेदपुर : जमशेदपुर में एनडीए की ओर से ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। नेताजी सुभाष चंद्र बोस मैदान से जेएनएसी कार्यालय तक आयोजित पदयात्रा में जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय समेत कई नेता शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए राय ने आरोप लगाया कि कुछ तत्व लोकतंत्र की आड़ में वामपंथी विचारधारा और विदेशी चंदे के सहारे देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का विरोध करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन संसदीय मर्यादा और संवैधानिक व्यवस्था का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जा सकता। कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, रघुवर दास, मधु कोड़ा, विद्युत वरण महतो समेत कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।