मानसिक स्वास्थ्य अधिकार है, विशेषाधिकार नहीं : डालसा ने चलाया जागरूकता अभियान
1 min read
सरायकेला: विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), सरायकेला-खरसावां की ओर से सदर अस्पताल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष रामाशंकर सिंह के मार्गदर्शन और सचिव तौसीफ मेराज के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम में मानसिक स्वास्थ्य देखभाल अधिनियम, 2017 के प्रावधानों की जानकारी दी गई।
डालसा सचिव तौसीफ मेराज ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य सम्मानजनक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है और मानसिक बीमारी के आधार पर किसी के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने प्रभावित लोगों के कानूनी अधिकारों, गोपनीयता, उपचार, पुनर्वास और निःशुल्क विधिक सहायता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, विधिक सेवा संस्थाओं और अन्य विभागों के समन्वय पर जोर दिया गया। जिले के विभिन्न स्थानों और पंचायत स्तर पर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को मानसिक स्वास्थ्य अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।