जमशेदपुर में 17-18 अक्टूबर को सजेगा डांडिया का रंग, सेलिब्रिटी आर्टिस्ट आस्था सिंह होंगी आकर्षण
साकची के बोधी मैदान में होगा दो दिवसीय डांडिया–गरबा उत्सव, नारी शक्ति को भी किया जाएगा सम्मानित
जमशेदपुर: शारदीय नवरात्र के अवसर पर रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की ओर से 17 और 18 अक्टूबर को साकची स्थित बोधी मैदान में दो दिवसीय भव्य डांडिया एवं गरबा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। भारतीय संस्कृति, परंपरा और नारी शक्ति के सम्मान को समर्पित इस आयोजन में पहले दिन नियोन डांडिया की प्रस्तुति होगी, जबकि दूसरे दिन 18 अक्टूबर को सेलिब्रिटी आर्टिस्ट एवं अभिनेत्री आस्था सिंह मुख्य आकर्षण होंगी।
रिफ्लेक्शन नेटवर्क इवेंट की संस्थापक आशा सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि कार्यक्रम को शालीन और अनुशासित वातावरण में आयोजित करने की तैयारी की गई है। सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और 50 से अधिक महिला एवं पुरुष बाउंसर तैनात रहेंगे। प्रवेश के लिए पहचान पत्र अनिवार्य होगा और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पास लेना आवश्यक रहेगा।
उत्सव की शुरुआत मां दुर्गा की महाआरती और वंदना से होगी। भारतीय सनातन परंपरा के अनुरूप आगंतुकों का स्वागत चंदन अथवा कुमकुम का तिलक लगाकर किया जाएगा। इस दौरान जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक कार्यों के माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया जाएगा।
दोनों दिन पारंपरिक गुजराती लोकगीतों और गरबा की धुनों पर प्रतिभागी थिरकेंगे। आयोजन में बेस्ट डांडिया डांसर, बेस्ट ट्रेडिशनल ड्रेस (महिला एवं पुरुष), बेस्ट कपल और लकी ड्रॉ जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके अलावा मैदान में खानपान और पारंपरिक हस्तशिल्प के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
प्रेस वार्ता में पूनम वर्मा, रंजना शर्मा, मुस्कान गोराई, नेहा मिश्रा, रश्मि राज, रम्यता प्रफुल्ल और सुबोध गोराई सहित अन्य लोग उपस्थित थे।