भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा की तैयारियां अंतिम चरण में
1 min read
जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से 5 नवंबर को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ पदयात्रा आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुवार सुबह 11 बजे साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) में सभा के बाद पदयात्रा निकाली जाएगी।
इसमें केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा और सांसद विद्युत वरण महतो सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। धनबाद के विधायक राज सिन्हा भी जमशेदपुर पहुंच चुके हैं।
भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा के नेतृत्व में मंगलवार को आयोजन स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की गई। पार्टी के अनुसार, चार विधानसभा क्षेत्रों के 28 मंडलों से हजारों कार्यकर्ता पदयात्रा में शामिल होंगे।
पदयात्रा बंगाल क्लब, साकची बड़ा गोलचक्कर और आई हॉस्पिटल होते हुए जमशेदपुर अक्षेस कार्यालय के समीप संपन्न होगी। भाजपा ने कार्यकर्ताओं और शहरवासियों से इसमें शामिल होने की अपील की है।