विधायक मंगल कालिंदी के प्रयास से जल्द शुरू होगा पटमदा- काटिन लिंक रोड का मरम्मतीकरण
1 min read
जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम के पटमदा इलाके के लोगों के लिए अच्छी खबर है। क्षेत्रीय विधायक की पहल पर पटमदा- काटिन लिंक रोड की मरम्मत जल्द होनेवाली है। विगत 20 दिसंबर को जुगसलाई के विधायक मंगल कालिंदी की ओर से पथ निर्माण विभाग के सचिव को की गई अनुशंसा के आधार पर पटमदा लिंक रोड (पटमदा थाना गेट से काटिन इंदिरा चौक तक 6.6 किलोमीटर) की मरम्मत की स्वीकृति मिल चुकी है। साथ ही पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता की ओर से इसके टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। 4 करोड़ 63 लाख की स्वीकृत राशि से सड़क की मरम्मत आईक्यूआरपी के तहत करायी जानी है और इसकी टेंडर प्रक्रिया इसी माह के अंदर पूरी होने वाली है। इस संबंध में विधायक मंगल कालिंदी ने बताया कि वर्षों से जर्जर इस सड़क के निर्माण से लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की सभी जर्जर सड़कों की मरम्मत के लिए प्रयास जारी है और निश्चित तौर पर लोगों को बेहतर सड़क की सुविधा उपलब्ध होगी।