जमशेदपुर की रिद्धि चटर्जी ने जीते लगातार दो राष्ट्रीय स्वर्ण, ओलंपिक दिवस पर जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
1 min read
जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम की उभरती ताइक्वांडो खिलाड़ी और टैगोर अकादमी की कक्षा 7 की छात्रा रिद्धि चटर्जी लगातार अपनी प्रतिभा का दम दिखा रही हैं। राष्ट्रीय स्तर पर दो स्वर्ण पदक जीतकर जिले और झारखंड का नाम रोशन करने वाली रिद्धि को अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भी सम्मानित किया गया। रिद्धि ने 23 से 25 जून 2025 तक हरिद्वार (उत्तराखंड) में आयोजित 39वीं नेशनल सब-जूनियर क्योरोगी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता, वहीं 27 से 29 दिसंबर 2025 तक बोकारो (झारखंड) में आयोजित प्रथम नेशनल महिला ताइक्वांडो चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उनकी इन उपलब्धियों के लिए धातकीडीह कम्युनिटी सेंटर में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर आयोजित भव्य समारोह में पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार तथा पूर्वी सिंहभूम जिला खेल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस समारोह में अंतर्राष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 37 पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि उपायुक्त राजीव रंजन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और राज्य सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों का लाभ उठाकर वे भविष्य में और बड़ी सफलताएं हासिल करेंगे। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, पूर्व ओलंपियन हरभजन सिंह, जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल प्रेमी और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। रिद्धि चटर्जी की यह लगातार सफलता और सम्मान इस बात का संकेत है कि वह भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करने की पूरी क्षमता रखती हैं।
