तेज बारिश के साथ वज्रपात का खतरा
1 min readधनबाद : मानसून अध्ययनकर्ता डॉ एसपी यादव की मानें तो गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर की वजह से दोपहर बाद से धनबाद में भारी बारिश हुई। 3 से 4 घंटे तक हुई लगातार बारिश से धनबाद में तकरीबन 32 एमएम वर्षा का रिकॉर्ड दर्ज हुआ। शुक्रवार को भी धूप छांव के बीच झमाझम बारिश की संभावना है। वहीं मौसम विभाग ने भी 12 से 15 जून के दौरान पूरे राज्य में बारिश की संभावना जताई है। 11 जून को उत्तर पूर्वी जिलों में 30 से 40 की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। वज्रपात से भी सावधानी बरतने को लेकर मौसम विभाग में अलर्ट जारी किया है। धनबाद के साथ-साथ राज्य के ज्यादातर हिस्सों में बारिश होगी। झारखंड समेत बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश , उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी 12 से 15 जून के दौरान भारी बारिश के साथ वज्रपात को लेकर सतर्कता बरतने की गुजारिश की गई है।
शनिवार से 30 के नीचे रहेगा तापमान
2 दिनों से हो रही लगातार बारिश से धनबाद के तापमान में कमी आने लगी है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेंटीग्रेड तक पहुंच गया है। शुक्रवार को भी अधिकतम तापमान के 30 डिग्री पर ही रहने की संभावना है। शनिवार से इसमें 2 डिग्री की कमी आएगी। शनिवार से अगले चार-पांच दिनों तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री के भी नीचे रहेगा। यानी झुलसाने वाली गर्मी का सामना कई दिनों तक नहीं करना होगा।