भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर मिश्रा का निधन, गुरुवार को होगा अंतिम संस्कार
जमशेदपुर :भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं जमशेदपुर महानगर के पूर्व अध्यक्ष चंद्रशेखर मिश्रा (78) का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। तबीयत बिगड़ने के बाद टाटा मोटर्स अस्पताल ले जाने के क्रम में उन्होंने अंतिम सांस ली। सांसद विद्युत वरण महतो, विधायक पूर्णिमा साहू और भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा समेत कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक जताया।
उनकी अंतिम यात्रा गुरुवार सुबह 11 बजे भालूबासा स्थित इंद्रानगर आवास से निकलेगी। भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।