उपायुक्त ने समाज कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा कर समय पर लाभ देने का दिया निर्देश
सरायकेला: समाहरणालय सभागार में शनिवार को उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग एवं सामाजिक सुरक्षा कोषांग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी पात्र लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ देने और लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों के नियमित संचालन, बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराने तथा केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने पोषण ट्रैकर पर सटीक एवं समयबद्ध डेटा एंट्री और नियमित निगरानी का निर्देश दिया।सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत पात्र लाभुकों का पंजीकरण और लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। स्पॉन्सरशिप योजना के बच्चों का सत्यापन कर नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।बैठक में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग निवेदिता राय सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।