डांडिया-गरबा कार्यक्रमों में नियमों के उल्लंघन की जांच की मांग
1 min read
जमशेदपुर : नवरात्र के दौरान आयोजित डांडिया-गरबा कार्यक्रमों में निर्धारित समय-सीमा और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर हिंदू जन जागरण मंच ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मंच के अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित आयोजकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि कुछ कार्यक्रमों में रात 10 बजे के बाद भी तेज आवाज में डीजे बजाने और देर रात तक आयोजन जारी रखने की शिकायतें मिली हैं। मंच ने भविष्य में ऐसे आयोजनों की अनुमति देते समय नियमों के पालन का रिकॉर्ड देखने तथा बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की भी मांग की।