June 19, 2026

NEWS TEL

NEWS

राजेन्द्र विद्यालय में छात्राओं को स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई

1 min read

जमशेदपुर: राजेन्द्र विद्यालय में शुक्रवार को कक्षा 4 से कक्षा 7 तक की छात्राओं के लिए स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत सुरक्षा विषय पर एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को अच्छे एवं बुरे स्पर्श (Good Touch–Bad Touch), मासिक धर्म (Menstruation) तथा उससे जुड़ी स्वच्छता संबंधी आवश्यक जानकारियों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ शिक्षिकाओं ने छात्राओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा किसी भी असहज परिस्थिति में बिना झिझक अपने अभिभावकों एवं शिक्षकों से संवाद करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह भी बताया गया कि नियमित योग एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर मासिक धर्म के दौरान होने वाली विभिन्न समस्याओं से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है।

इस जागरूकता कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की वरिष्ठ जीवविज्ञान शिक्षिकाओं कृष्णा घोष, अणु गिल तथा माधवी झा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने छात्राओं के प्रश्नों का सरल एवं वैज्ञानिक तरीके से उत्तर देते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अनिता तिवारी, उप-प्रधानाचार्या श्रीमती किरण सिन्हा, सीनियर इंचार्ज स्वेता सहाय तथा जूनियर इंचार्ज डी. वाणी भी उपस्थित रहीं। विद्यालय प्रबंधन ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों को छात्राओं के समग्र विकास एवं सशक्तिकरण के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.