May 14, 2026

NEWS TEL

NEWS

कुष्ठ प्रभावित बच्चों के लिए 24 मई से स्पेशल समर कैंप, डीसी राजीव रंजन ने किया पोस्टर लॉन्च

1 min read

जमशेदपुर: बाराद्वारी स्थित गांधी आश्रम में 24 मई से 30 मई 2026 तक कुष्ठ पीड़ित परिवारों के वंचित बच्चों के लिए विशेष समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। ‘गीता थियेटर’, ‘रॉबिन हुड आर्मी’ और जमशेदपुर कुष्ठ विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस नि:शुल्क समर कैंप के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन बुधवार को जिला मुख्यालय में उपायुक्त राजीव रंजन ने किया। इस अवसर पर CS, ACMO, DLO डॉ. मृत्युंजय धवारिया, DLC डॉ. राजीव लोचन महतो, APAL अध्यक्ष जवाहर राम पासवान समेत जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि यह समर कैंप का दूसरा वर्ष है, जिसका उद्देश्य कुष्ठ प्रभावित परिवारों के बच्चों को कला, तकनीक और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए उनमें आत्मविश्वास विकसित करना है। शिविर में ड्रामा, डांस, मॉडलिंग, सिंगिंग, योग, मार्शल आर्ट्स, मोबाइल फोटोग्राफी, हैंड आर्ट क्राफ्ट, फेस ड्राइंग, दलमा ट्रैकिंग, एआई नॉलेज, नैतिक शिक्षा और विभिन्न मनोरंजक खेलों सहित कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। कैंप प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 10 बजे तक संचालित होगा।पोस्टर विमोचन के दौरान उपायुक्त राजीव रंजन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित बच्चों को मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए यह समर कैंप एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।इस आयोजन में संपूर्ण आश्रय, सेल विला, नाफीसा यूनुस सोशल वेलफेयर फाउंडेशन और हिंद आईटीआई भी सहयोग कर रहे हैं। आयोजन समिति के सचिव प्रेम दीक्षित ने शहर के औद्योगिक, पत्रकारिता और सामाजिक संगठनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार के सामाजिक आयोजन को और व्यापक बनाने के लिए सामूहिक सहयोग आवश्यक है। सहायता एवं जानकारी के लिए 7209441698 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © News Tel All rights reserved | Developed By Twister IT Solution | Newsphere by AF themes.