Rajendra Vidyalaya में “Summer Zephyra 2026” समर कैंप का भव्य आगाज़, बच्चों की प्रतिभा ने मोहा
1 min read
जमशेदपुर: Rajendra Vidyalaya में सोमवार को पाँच दिवसीय समर कैंप “Summer Zephyra 2026” का भव्य शुभारंभ उत्साह और उमंग के माहौल में हुआ। कार्यक्रम में बिहार एसोसिएशन के महासचिव सी.पी.एन. सिंह, विद्यालय सचिव अमरेश सिन्हा, प्राचार्या अनीता तिवारी, उप-प्राचार्या किरण सिन्हा, सीनियर इंचार्ज श्वेता सहाय, जूनियर इंचार्ज डी. वाणी सहित शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। छात्र अक्षय कीर्ति कमल और छात्रा अविप्सा बोस ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि मंच संचालन शिक्षिका कुसुम देवी और शिप्रा श्रीवास्तव ने किया।इस अवसर पर बिहार एसोसिएशन के महासचिव सी.पी.एन. सिंह ने कहा कि विद्यालय ने अपनी स्थापना के 100 वर्ष सफलतापूर्वक पूरे कर लिए हैं और ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मक प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। वहीं विद्यालय सचिव अमरेश सिन्हा ने कहा कि ग्रीष्मावकाश बच्चों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और रचनात्मकता को विकसित करने का सर्वोत्तम समय होता है। उन्होंने बताया कि कैंप के दौरान एलकेजी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए कार्टून कैरेक्टर आधारित वेशभूषा प्रतियोगिता, फायरलेस कुकिंग, क्विज, टैलेंट शोकेस, रैंप वॉक समेत कई मनोरंजक और व्यक्तित्व विकास से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की कार्टून कैरेक्टर प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया। प्राचार्या अनीता तिवारी ने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को सीखने के साथ आत्म-अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करते हैं। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने विश्वास जताया कि “Summer Zephyra 2026” बच्चों के लिए सीखने, मनोरंजन और रचनात्मक विकास का यादगार अनुभव साबित होगा।
