धरती बचाने की पुकार: जमशेदपुर में नुक्कड़ नाटकों से बच्चों को दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
1 min read
जमशेदपुर/आदित्यपुर: विश्व पृथ्वी दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता फैलाने के लिए क्यूब आदित्यपुर वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने एक विशेष अभियान चलाया, जिसमें गीता थिएटर के युवा कलाकारों ने नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों, खासकर स्कूली बच्चों को जागरूक किया। जुगसलाई, आदित्यपुर, कपाली और मानगो क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में आयोजित इस कार्यक्रम में कलाकारों ने गीत, नारे और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण के खतरों को सरल और रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया। साथ ही कचरे के सही निस्तारण, गीले-सूखे कचरे को अलग रखने और ‘जीरो वेस्ट’ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। संस्था के प्रतिनिधियों ने बच्चों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील करते हुए कहा कि यही जागरूकता भविष्य में बड़े बदलाव का कारण बनेगी। कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित कर प्रतिभाशाली छात्रों को पुरस्कृत भी किया गया। गीता कुमारी, अनंत सरदार, खुशी पाण्डेय, प्रेम दीक्षित, अभिषेक राजु और हिमांशु गुप्ता की प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया। अंत में सभी ने पृथ्वी संरक्षण की शपथ ली और वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

