विकसित भारत में आंचलिक पत्रकारिता की अहम भूमिका पर सोना देवी विश्वविद्यालय में सेमिनार आयोजित
जमशेदपुर:सोना देवी विश्वविद्यालय, जमशेदपुर के विवेकानंद ऑडिटोरियम में ‘विकसित भारत में आंचलिक पत्रकारिता’ विषय पर सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े वरिष्ठ संपादकों ने विद्यार्थियों को पत्रकारिता के मूल्यों और जिम्मेदारियों से अवगत कराया। दैनिक जागरण के संपादक यूएन पाठक ने तथ्य आधारित और निष्पक्ष पत्रकारिता पर जोर देते हुए कहा कि खबर लिखते समय जनहित और सत्य को प्राथमिकता देनी चाहिए। वहीं आजाद मजदूर के संपादक कवि कुमार ने आंचलिक पत्रकारिता को देश के अंतिम व्यक्ति की आवाज बताते हुए इसके महत्व और चुनौतियों पर प्रकाश डाला। ईस्पात मेल के संपादक जयप्रकाश राय ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि पत्रकारिता में करियर की शुरुआत अखबार से करें और इसे सिर्फ रोजगार नहीं बल्कि जिम्मेदारी के रूप में अपनाएं।सेमिनार में अन्य वक्ताओं ने भी अपने अनुभव साझा किए और तकनीक के बढ़ते प्रभाव, विकास पत्रकारिता और जमीनी रिपोर्टिंग की अहमियत को रेखांकित किया। राष्ट संवाद के संपादक देवानंद सिंह ने आंचलिक पत्रकारिता को सौभाग्य बताया, जबकि दैनिक भास्कर के राजेश सिंह और झारखंड न्यूज 24 के रवि प्रकाश ने व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें कुलाधिपति प्रभाकर सिंह, कुलपति डॉ. ब्रज मोहन पाट पिंगुवा सहित विश्वविद्यालय के अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। अंत में विद्यार्थियों को निष्पक्ष, संवेदनशील और जिम्मेदार पत्रकार बनने का संदेश दिया गया।

