जमशेदपुर वार्ड 18 में चुनावी सरगर्मी तेज, पंचम गुप्ता बोले—जनता का मिल रहा व्यापक समर्थन
1 min read
जमशेदपुर: मांगो निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है और विभिन्न वार्डों में प्रत्याशी जनसंपर्क अभियान के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंचकर अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। इसी क्रम में जुगसलाई नगर परिषद के वार्ड संख्या 18 से प्रत्याशी पंचम गुप्ता ने चुनाव को विकास बनाम समस्या समाधान का मुद्दा बताते हुए कहा कि यह चुनाव किसी दल विशेष का नहीं बल्कि क्षेत्र की जरूरतों और जनता की अपेक्षाओं का चुनाव है। उन्होंने कहा कि वर्षों से क्षेत्र की जनता के साथ उनका गहरा जुड़ाव रहा है और वे लगातार वार्ड की बुनियादी समस्याओं—जैसे सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, पेयजल आपूर्ति, नियमित सफाई और प्रकाश व्यवस्था—को लेकर आवाज उठाते रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान वे घर-घर जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं, उनकी समस्याएं सुन रहे हैं और समाधान के लिए प्राथमिकता तय करने का आश्वासन दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वार्डवासियों से उन्हें व्यापक समर्थन और सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है, जो विकास और पारदर्शी व्यवस्था के प्रति जनता के विश्वास को दर्शाता है।

पंचम गुप्ता ने विश्वास जताया कि वार्ड संख्या 18 की जनता क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाओं और जवाबदेह व्यवस्था के पक्ष में मतदान करेगी। फिलहाल वार्ड में चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं और विभिन्न प्रत्याशी मतदाताओं से संपर्क कर अपने-अपने पक्ष को मजबूत करने में जुटे हैं, जिससे क्षेत्र का चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय हो गया ।
