रेडियंट झारखंड 2.0 में उमड़ा जनसैलाब, दूसरे दिन 5 हजार से अधिक लोगों ने किया प्रदर्शनी का अवलोकन
1 min read
जमशेदपुर: होटल रामाडा में आयोजित रेडियंट झारखंड 2.0 मेगा प्रदर्शनी के दूसरे दिन शुक्रवार को भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। विज़ुअल मिथ्स एवं ‘लेडीज़ सर्कल इंडिया GMCLC-160’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन दूसरे दिन 5000 से अधिक लोगों ने किया, जिनमें बड़ी संख्या में छात्र और युवा शामिल रहे। कोल्हान क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने शिक्षा, करियर और प्लेसमेंट से जुड़े स्टॉलों का भ्रमण कर उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं तथा विभिन्न क्विज प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया। प्रदर्शनी में सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों के 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं, जहां केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं, नवाचारों और विकास कार्यक्रमों की जानकारी विशेषज्ञों द्वारा दी जा रही है। इस दौरान लोगों को निःशुल्क पंपलेट, लिफलेट और कॉफी टेबल बुक भी वितरित की जा रही हैं। छात्रों के बीच आरडी टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर द्वारा तैयार स्मार्ट की कैबिनेट, ट्रैश बॉट कोड और रोबोट विशेष आकर्षण का केंद्र रहे, वहीं सीएसआईआर-एनएमएल, सिपेट, आईसीएमआर और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेस्ट मैनेजमेंट के स्टॉल पर भी छात्रों की खासी भीड़ देखी गई।

झारखंड जैव विविधता पर्षद के स्टॉल पर पशु, पक्षी, कृषि और उद्यान से संबंधित क्विज में छात्रों ने भाग लेकर पुरस्कार भी जीते। प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण गुजरात हथकरघा एवं हस्तशिल्प का स्टॉल रहा, जहां क्राफ्ट्स ऑफ गुजरात की लखटकिया साड़ी लोगों को खूब भा रही है। आयोजकों के अनुसार डबल एकत पटान पटोला साड़ी की कीमत 96 हजार से लेकर 2.40 लाख रुपये तक है, जबकि आशावली और टांगलिया साड़ियों की भी काफी मांग देखी जा रही है, जो भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती हैं। तीन दिवसीय रेडियंट झारखंड 2.0 प्रदर्शनी का समापन 31 जनवरी को होगा, जिसमें सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मानव केडिया समेत अन्य गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों, प्रतिभागियों और प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
