रेडियंट झारखंड 2.0 प्रदर्शनी में उमड़ा विद्यार्थियों का सैलाब, आईसीएमआर स्टॉल बना आकर्षण
1 min read
जमशेदपुर: रमाडा में आयोजित रेडियंट झारखंड 2.0 मेगा प्रदर्शनी ने विद्यार्थियों और युवाओं के बीच खासा आकर्षण पैदा किया है। प्रदर्शनी के पहले ही दिन हजारों विद्यार्थियों व युवाओं ने इसका भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों से जानकारी प्राप्त की, वहीं आईसीएमआर स्टॉल पर विद्यार्थियों की विशेष भीड़ देखने को मिली। होटल रामाडा में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रदर्शनी का उद्घाटन अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा, सीएसआईआर–एनएलएम के मार्केटिंग हेड गोपाल कृष्ण, एडीएलएस सनशाइन इंग्लिश मिडियम स्कूल की प्राचार्य मंजू सिंह, टाटा वर्कर्स यूनियन हाई स्कूल की प्राचार्य सेटेंग केरर्कटा, आर.डी. टाटा टेक्निकल एजुकेशन सेंटर, गोलमुरी की वाइस प्रिंसिपल पल्लवी चौधरी, एनआईसी के डिप्टी डायरेक्टर दीपक, सीनियर टेक्निकल डायरेक्टर उमेश सिंह, तमिलनाडु हॉर्टिकल्चर की डिप्टी डायरेक्टर सिंथिया, कोलकाता गुजरात हैंडलूम एवं हैंडीक्राफ्ट के ब्रांच इंचार्ज जयकर अमीन तथा गुजरात स्टेट बायोटेक्नोलॉजी के डिप्टी मैनेजर देवांग कुमार मारू सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक झा ने कहा कि रेडियंट झारखंड 2.0 में समाज के हर वर्ग के लिए कुछ न कुछ है, खासकर युवाओं के लिए करियर और छात्रों के लिए शैक्षणिक अवसरों से जुड़े कई उपयोगी स्टॉल लगाए गए हैं, वहीं किसानों के लिए कृषि से संबंधित स्टॉल भी ज्ञानवर्धक हैं।

इससे पूर्व विजुअल मिथ्स के चेयरमैन वनीश गुप्ता एवं प्रोजेक्ट डायरेक्टर किंजल गांधी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। आयोजकों ने बताया कि पहले दिन ही करीब छह हजार विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यह प्रदर्शनी 31 जनवरी 2026 तक चलेगी, जो आम जनता के लिए निःशुल्क है और प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी। ‘लेडीज़ सर्कल इंडिया GMCLC160’ के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों और प्रमुख संस्थानों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां नवीनतम नवाचारों, सरकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और कल्याणकारी पहलों की जानकारी दी जा रही है। प्रदर्शनी छात्रों और युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी साबित हो रही है, क्योंकि यहां उन्हें शिक्षा, करियर, कौशल विकास और उभरते क्षेत्रों से जुड़ी प्रत्यक्ष जानकारी एक ही मंच पर उपलब्ध हो रही है।
